तीन साल से लंबित मुकदमों पर डीएम सख्त, तहसीलदारों को चेताया — प्रतिदिन कोर्ट में सुनवाई के निर्देश

गुरु जी की कलम से शोहरतगढ़

जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर ने बुधवार को शोहरतगढ़ तहसील का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एसडीएम, तहसीलदार और नायब तहसीलदारों के न्यायालय में तीन वर्ष से अधिक समय से लंबित प्रकरणों को लेकर उन्होंने गहरी नाराजगी जताई और तत्काल प्रभाव से मामलों के शीघ्र निस्तारण का निर्देश दिया।

डीएम ने पारिवारिक सदस्यता प्रमाणपत्र, पट्टा, आरसी वसूली, ईडब्ल्यूएस प्रमाणपत्र सहित विभिन्न प्रकार की पत्रावलियों की बारीकी से जांच की। साथ ही आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के निस्तारण की प्रगति भी देखी।

निरीक्षण के दौरान अभिलेखागार, भूलेख विभाग, खतौनी कक्ष, नजारत, डाक डिस्पैच रजिस्टर और आपूर्ति कार्यालय आदि कई महत्वपूर्ण विभागों का जायजा लिया गया। उन्होंने साफ-सफाई व्यवस्था, फाइलों के सुरक्षित रख-रखाव, और रिकॉर्ड के सही रख-रखाव पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

डीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट रूप से कहा कि कोर्ट में प्रतिदिन सुनवाई सुनिश्चित की जाए ताकि जनता को समय पर न्याय मिल सके।

इस अवसर पर एसडीएम राहुल सिंह समेत कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।