बॉर्डर पर उर्वरक तस्करी बेलगाम: वायरल वीडियो से खुला राज, सिसवा स्थित खाद विक्रेता का अहम रोल

गुरु जी की कलम से
बढ़नी/सिद्धार्थनगर।

भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में उर्वरक की तस्करी एक बार फिर चर्चा में है। शुक्रवार को सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे एक वीडियो ने क्षेत्रीय प्रशासन की नींद उड़ा दी है। वीडियो में एक युवक खुलेआम स्वीकार करता दिख रहा है कि वह दो मोटरसाइकिलों पर उर्वरक ले जा रहा है, साथ ही चार अन्य लोग भी हैं जो यही काम कर रहे हैं।

वीडियो एनएच-730 मार्ग पर रिकॉर्ड किया गया बताया जा रहा है। युवक की पहचान शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के धनौरा मुस्तहकम निवासी सलमान के रूप में हो रही है। वीडियो में वह दावा कर रहा है कि वह उर्वरक सिसवा बुजुर्ग में रेलवे लाइन के पास की दुकान से खरीदकर ला रहा है। आपको बता दें तस्करी करने वाले अधिकतर लोग यही से खाद की तस्करी करते हैं।

जानकारों का कहना है कि खाद तस्कर अक्सर खुद को सीमावर्ती गांव का निवासी बताकर भ्रम फैलाते हैं कि वे सिर्फ स्थानीय खेती के लिए खाद ले जा रहे हैं। लेकिन रात होते ही ये तस्कर सुरक्षा एजेंसियों को चकमा देकर उर्वरक नेपाल पहुंचा देते हैं।

इस मामले में जिला कृषि अधिकारी मोहम्मद मुजम्मिल ने कहा कि वायरल वीडियो की जांच कराई जाएगी। साथ ही बॉर्डर एरिया के दुकानदारों को कड़ी हिदायत दी जाएगी कि वे उर्वरकों की बिक्री नियमों के तहत करें और रसीद देना अनिवार्य होगा।

क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि उर्वरक तस्करी की यह खेल लंबे समय से चल रहा है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी अब तक मूकदर्शक बने हुए हैं। वायरल वीडियो ने इस पूरे नेटवर्क की पोल खोल दी है।