वरिष्ठ पत्रकार इरशाद सिद्दीकी को श्रद्धांजलि, पत्रकारों ने कहा – निष्पक्ष पत्रकारिता का चमकता सितारा हमेशा के लिए खामोश हो गया

Kapilvastupost

सिद्धार्थनगर, 24 जुलाई 2025 (गुरुवार):
लखनऊ में सड़क हादसे में वरिष्ठ पत्रकार इरशाद सिद्दीकी के आकस्मिक निधन की खबर मिलते ही सिद्धार्थनगर जनपद के पत्रकारिता जगत में शोक की लहर दौड़ गई। आज दोपहर 1:00 बजे इटवा स्थित एक प्रेस कार्यालय में शोकसभा आयोजित कर पत्रकारों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

शोकसभा के दौरान दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया। सभी पत्रकारों ने सिद्दीकी जी के असमय निधन को पत्रकारिता जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताया।

इरशाद सिद्दीकी ने सिद्धार्थनगर में एक साधारण रिपोर्टर के रूप में अपने पत्रकारिता जीवन की शुरुआत की थी। उन्होंने अपनी मेहनत, ईमानदारी और निष्पक्ष रिपोर्टिंग के बल पर स्टेट लेवल तक अपनी एक मजबूत पहचान बनाई थी।

शोकसभा में निसार अहमद ख़ां, नंदलाल सोनी, सुनील श्रीवास्तव, अंबिका मिश्रा, अबरार चौधरी, विनोद मिश्रा, मोहम्मद शाबान, मसीहुद्दीन चौधरी, नूर आलम, अभिषेक श्रीवास्तव समेत कई पत्रकार मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि सिद्दीकी जी हमेशा सत्य और निर्भीक पत्रकारिता की मिसाल बने रहेंगे।

पत्रकारों ने इस दुःखद घड़ी में दिवंगत पत्रकार के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए हर संभव सहयोग का आश्वासन भी दिया।