📅 Published on: July 28, 2025
शव पेड़ से लटका मिला, हत्या के आरोप में चार गिरफ्तार
जमीन विवाद बना खूनी संघर्ष का कारण, पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत चार को दबोचा
अखिलेश सिंह| चिल्हिया, सिद्धार्थनगर।
चिल्हिया थाना क्षेत्र के बड़गड़ू नंबर-13 टोला बसावनपुर गांव से सटे एक बगीचे में बुधवार को एक युवक का शव संदिग्ध हालात में पेड़ से लटका मिला। मृतक की पहचान रामविलास निवासी बसावनपुर के रूप में हुई। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया। मृतक की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया और चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
जमीन को लेकर चल रहा था डेढ़ साल से विवाद
थानाध्यक्ष अशोक कुमार देव ने बताया कि रामविलास और रामशुभम के बीच रास्ते को लेकर डेढ़ साल से विवाद चल रहा था। मृतक कुछ दिन पूर्व ही मुंबई से गांव लौटा था और सोमवार को मिट्टी गिराते समय रामशुभम से विवाद हुआ। दोनों पक्षों में मारपीट हुई और शाम को रामविलास ने गांव लौटते समय अपने घर के पास ही मधुशरण चौधरी के बगीचे में जाकर आत्महत्या कर ली, ऐसा पहली नजर में प्रतीत हुआ। लेकिन शव के शरीर पर चोट के कई निशान और गले में रस्सी के गहरे निशान मिले, जिससे मामला संदिग्ध बन गया।
पत्नी ने जताई हत्या की आशंका, दर्ज हुआ मुकदमा
मृतक की पत्नी की तहरीर के आधार पर पुलिस ने रामशुभम, हरिकृष्ण निषाद, शिवारलाल उर्फ गुल्लू और अकबर के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया। बताया गया कि रास्ते में विवाद के दौरान चारों ने रामविलास को रोका, मारपीट की और फिर हत्या कर शव को पेड़ से लटका दिया ताकि मामला आत्महत्या का लगे।
नेपाल भागने की फिराक में थे आरोपी
शनिवार को पुलिस को सूचना मिली कि चारों आरोपी जीतपुरवा गांव के पास पानी टंकी के समीप छिपे हुए हैं और नेपाल भागने की फिराक में हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर चारों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब पांचवें आरोपी की तलाश कर रही है।
पुलिस कर रही है बारीकी से जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हर पहलु की गहराई से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है और लोगों में भय का माहौल भी देखा जा रहा है।