📅 Published on: October 8, 2025
सरताज आलम
सिद्धार्थनगर। शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत जोगीबारी में पुरानी रंजिश के चलते एक दुकानदार पर जानलेवा हमला हुआ है। आरोप है कि कुछ लोगों ने दुकान के अंदर घुसकर दुकानदार हरिकेश सिंह के साथ मारपीट की, उन्हें बेल्ट और लाठी-डंडों से पीटा, और जान से मारने की नीयत से ईंट से सिर पर प्रहार कर लहूलुहान कर दिया।
शिकायतकर्ता नीरज सिंह (घायल दुकानदार हरिकेश सिंह के भतीजे) ने शोहरतगढ़ थाने में तहरीर दी है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार शाम को गांव के निवासी सौरभ उर्फ अंकित सिंह, ज्ञान बहादुर सिंह और सरिता सिंह पुरानी रंजिश के कारण उनके चाचा हरिकेश सिंह की दुकान में घुस आए।
आरोप है कि आरोपियों ने पहले गाली-गलौज की और फिर बेल्ट से हरिकेश सिंह की आंख पर वार किया। इसके बाद उन्हें दुकान के अंदर से खींचकर सड़क पर लाया गया और ईंट से उनके सिर पर प्रहार किया गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। मारपीट में हरिकेश सिंह लहूलुहान हो गए, जिसके बाद हमलावर मौके से भाग निकले।
परिजनों ने तुरंत डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। घायल हरिकेश सिंह को एम्बुलेंस की मदद से जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहाँ उनका इलाज चल रहा है।
इस मामले में शोहरतगढ़ के थाना प्रभारी निरीक्षक सन्तोष कुमार तिवारी ने पुष्टि की है कि उन्हें मारपीट की घटना की जानकारी है। उन्होंने कहा कि वे मूर्ति विसर्जन में व्यस्त थे, लेकिन तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।