📅 Published on: October 21, 2025
Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर। जोगिया कोतवाली क्षेत्र के नौगढ़-बांसी मार्ग पर करौंदा मसिना के पास शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नौगढ़ की ओर से आ रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ने एक बाइक को जबरदस्त टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार मां-बेटा समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
दुर्घटना में घायल हुए तीनों लोग बस्ती जिले के रुधौली थाना क्षेत्र के घेसा गांव के निवासी हैं। घायलों की पहचान वीरेंद्र (25) पुत्र शिव प्रसाद, लक्ष्मी देवी (45) पत्नी शिवप्रसाद, और रंजीत (28) पुत्र सुग्रीम के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, वीरेंद्र, लक्ष्मी देवी और रंजीत एक नई बाइक खरीदने के लिए सिद्धार्थनगर जा रहे थे। जब वे करौंदा मसिना के पास पहुँचे, तभी यह हादसा हो गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि रंजीत और वीरेंद्र के पैर फ्रैक्चर हो गए हैं, जबकि वीरेंद्र की माँ लक्ष्मी देवी के सिर में गंभीर चोट आई है।
सूचना मिलते ही जोगिया पुलिस मौके पर पहुँची और तत्काल घायलों को माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज, सिद्धार्थनगर भेजवाया, जहाँ उनका इलाज चल रहा है।
थानाध्यक्ष मीरा चौहान ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर थाने पहुँचा दिया गया है। उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि पीड़ित पक्ष से तहरीर मिलने पर ट्रैक्टर चालक के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।