📅 Published on: November 15, 2025
गुरु जी की कलम से
बढ़नी (सिद्धार्थनगर)।
सांसद, डीआरएम एवं जीएम आदि के द्वारा कई बार के आश्वासनों के बावजूद सिद्धार्थनगर, बढ़नी,तुलसीपुर रूट के आमजन दिल्ली की ट्रेन से महरूम हैं।गोरखपुर बढ़नी गोंडा प्रखंड पर अमृत भारत अथवा कोई एक्सप्रेस ट्रेन चलाए जाने की पुरजोर मांग विभिन्न संगठनों के लोगों ने दोहराई है ताकि आमजन हेतु दिल्ली दूर न रहे।
गोरखपुर बढ़नी गोंडा लूप लाइन प्रखंड के उसका बाजार ,सिद्धार्थनगर, शोहरतगढ़, बढ़नी,तुलसीपुर एवं बलरामपुर आदि के लोगों द्वारा कई वर्षों से दिल्ली के लिए एक्सप्रेस ट्रेन की मांग की जा रही है।
बढ़नी के नेपाल से सटा होने के कारण नेपाल के भी यात्री बड़ी संख्या में दिल्ली जाते व आते हैं। आम एक्सप्रेस ट्रेन न होने के कारण क्षेत्रीय यात्री निजी तथा रोडवेज की बसों से यात्रा करने को विवश हैं।कई व्यापारिक तथा सामाजिक संगठन के लोगों द्वारा डीआरएम,जीएम से मिलकर तथा सांसद जगदंबिका पाल से भी इस रूट से दिल्ली के लिए एक जोड़ी एक्सप्रेस ट्रेन चलाए जाने की मांग की गई है।
रेल राज्यमंत्री रवनीत सिंह बिट्टू से भी मांग की गई थी,उनके द्वारा आश्वासन भी दिया गया,किन्तु आश्वासन अभी तक साकार नहीं हो पाया,जिससे आमजनों में निराशा है।
उल्लेख्य है कि बढ़नी रूट पर एकमात्र फुल एसी ट्रेन हमसफर (12571/ 72) सप्ताह में 4 दिन चलती है,जिसका किराया अधिक होने से आमजन उससे यात्रा नहीं कर पाते हैं।केमिस्ट एवं ड्रगिस्ट एसो. के वरिष्ठ उपाध्यक्ष कृष्णगोपाल जायसवाल, व्यापार मंडल के अध्यक्ष कन्हैया मित्तल, यूथ हॉस्टल्स एसो.ऑफ इंडिया के अध्यक्ष विजय कुमार जायसवाल, हियुवा के पूर्व जिलाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह, भाजयुमो के जिला उपाध्यक्ष रहे राजकुमार अग्रहरी,इंडो नेपाल टूर एंड ट्रैक के प्रबंधक अजय प्रताप गुप्त समेत तमाम प्रबुद्धों ने कहा कि बड़ी लाइन हो जाने व तमाम आश्वासन के वावजूद बढ़नी से दिल्ली के लिए एक जोड़ी एक्सप्रेस गाड़ी अभी तक नहीं चलाई जा सकी है,जबकि बनारस व गोरखपुर से अमृत भारत आदि कई ट्रेनें दूसरे रूट से चल रहीं हैं।इस रूट के आम जनों का विशेष आग्रह है कि गोरखपुर -बढ़नी- दिल्ली रूट पर भी अमृत भारत ट्रेन अथवा एक्सप्रेस प्रतिदिन चलायी जाय जिससे निम्न/मध्यमवर्गीय लोग भी सहज,सुगम यात्रा कर सके।
प्रबुद्धों ने यह भी याद दिलाया कि बढ़नी अन्तर्राष्ट्रीय रेलवे स्टेशन जैसा है,इस क्षेत्र से दिल्ली जाने के लिए यात्रियों की संख्या की बहुत ही ज्यादा है।मित्र राष्ट्र नेपाल एवं सुदूर इलाकों के यात्री मजबूर होकर बसों में कष्टकर व अधिक किराया देकर यात्रा करने को विवश हैं।आमजन हेतु अमृत भारत या अन्य एक्सप्रेस ट्रेन चलने से रेलवे को भी लाभ होगा।