📅 Published on: November 22, 2025
नियमतुल्लाह खान
सिद्धार्थनगर (डुमरियागंज):
सिद्धार्थनगर जनपद के डुमरियागंज ब्लॉक परिसर में शनिवार को दिव्यांग सशक्तीकरण विभाग द्वारा एक विशेष शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में पूर्व में चिन्हित किए गए तहसील क्षेत्र के दिव्यांगजनों को जीवन सुगम बनाने के लिए सहायक उपकरण वितरित किए गए।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि डुमरियागंज सांसद जगदंबिका पाल और विशिष्ट अतिथि क्षेत्रीय विधायक सैय्यदा खातून ने शिरकत की। अतिथियों ने अपने हाथों से 68 दिव्यांग लाभार्थियों को उपकरण सौंपे, जिससे उनके चेहरों पर खुशी की लहर दौड़ गई।
इन उपकरणों का हुआ वितरण
शिविर के दौरान कुल 68 लाभार्थियों को उनकी आवश्यकता के अनुसार विभिन्न उपकरण प्रदान किए गए, जो इस प्रकार हैं: ,34 ट्राईसाईकिल ,11 व्हीलचेयर ,60 बैसाखी ,09 श्रवण यंत्र (कान की मशीन)
पढ़ाई से लेकर रोजगार तक सरकार साथ: सांसद
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद जगदंबिका पाल ने केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि “डबल इंजन की सरकार केवल सहायक उपकरण देकर आवागमन को सुगम ही नहीं बना रही, बल्कि दिव्यांगजनों को समाज की मुख्य धारा में लाने के लिए प्रतिबद्ध है।”
सांसद ने आगे कहा कि सरकार दिव्यांगता पेंशन, कुष्ठावस्था पेंशन और दुकान निर्माण में मदद के साथ-साथ दिव्यांगजनों की शादी के लिए अनुदान देकर अनेक कल्याणकारी योजनाएं चला रही है। पीएम मोदी और सीएम योगी के नेतृत्व में यदि कोई बच्चा जन्म से या किसी दुर्घटना में दिव्यांग हो जाता है, तो सरकार उसकी पढ़ाई से लेकर खेलकूद और रोजगार तक के अवसर उपलब्ध करा रही है।
इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता अमर नाथ सिंह सोनू, राम कुमार उर्फ चिंकू यादव, नासिर, राजू पाल, कमलेश चौरसिया, कसीम रिजवी, श्यामसुंदर अग्रहरि, राजेश द्विवेदी, बहरैची और पप्पू मलिक सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और लाभार्थी उपस्थित रहे।