📅 Published on: December 4, 2025
सरताज आलम
शोहरतगढ़/सिद्धार्थनगर।
विकास खण्ड शोहरतगढ़़ पर ग्राम पंचायत अधिकारी/ग्राम विकास अधिकारी समन्वय समिति के बैनर तले सभी सचिवों ने ऑनलाइन उपस्थिति (एफआरएस) एवं सचिवों से लिए जा रहे गैर विभागीय कार्यों के विरोध में मंगलवार को शान्तिपूर्ण विरोध प्रदर्शन किया है। वरिष्ठ सचिव रामस्वरूप गुप्ता की अगुवाई में वरिष्ठ सचिव राम सिंह, प्रभारी एडीओ (पं0) एवं सचिव कुंवर कन्नौजिया, सचिव अजय भारतीया, सचिव कामेश्वर मिश्र, सचिव गौरव श्रीवास्तव, सचिव संदीप सरोज आदि ने हाथ में काली पट्टी बांधकर विरोध दर्ज किया।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि शासनादेशानुसार 3 नवम्बर से लागू की गई ऑनलाइन उपस्थिति प्रणाली वर्तमान परिस्थितियों में अव्यावहारिक है। तकनीकी समस्याओं और फील्ड परिस्थितियों के कारण यह प्रणाली शासकीय कार्यों में बाधा उत्पन्न कर सकती है। इसलिए आदेश पर तत्काल पुनर्विचार करने की जरुरत है।
वरिष्ठ सचिव अजय भारतीया ने भी बताया कि 1 से 4 दिसम्बर तक सभी पंचायत सचिव काली पट्टी बांधकर शासकीय कार्य करते हुए सांकेतिक विरोध दर्ज करेंगे। तो वहीं 5 दिसम्बर को ब्लॉक शोहरतगढ़़ पर सुबह 11 से दोपहर 1 बजे तक संगठन के बैनर तले धरना–विरोध प्रदर्शन किया जायेगा।
इसके बाद सभी सचिव ब्लॉक के आधिकारिक व्हाट्सऐप ग्रुप छोड़ देंगे। साथ ही 10 दिसम्बर से सचिव इंजन चालित वाहनों से क्षेत्र भ्रमण नहीं करेंगे और शासन द्वारा निर्धारित 200 रुपये साइकिल भत्ते के आधार पर केवल सार्वजनिक परिवहन (टेम्पों/बस) का ही प्रयोग करेंगे।