सिद्धार्थनगर: परीक्षा ड्यूटी से लौट रहे सिपाही पर ग्रामीणों का हमला, हालत गंभीर, तीन पर केस दर्ज

Kapilvastupost
मोहाना (सिद्धार्थनगर): उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में कानून व्यवस्था को चुनौती देते हुए दबंगों ने एक पुलिसकर्मी को अपना निशाना बनाया है। मोहाना थाना क्षेत्र के सिसवा गांव स्थित किसमावती देवी परमात्मा कन्या इंटर कॉलेज में परीक्षा ड्यूटी पर तैनात आरक्षी राहुल यादव के साथ गुरुवार शाम कुछ स्थानीय लोगों ने मारपीट की। इस हमले में सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गया है।
विवाद और हमला
जानकारी के अनुसार, आरक्षी राहुल यादव की ड्यूटी गुरुवार को किसमावती देवी परमात्मा कन्या इंटर कॉलेज में लगी थी। शाम के समय परीक्षा संपन्न होने के बाद जब राहुल यादव वापस लौट रहे थे, तभी सिसवा गांव के कुछ ग्रामीणों से किसी बात को लेकर उनकी कहासुनी हो गई। बहस इतनी बढ़ गई कि ग्रामीणों ने सिपाही पर हमला बोल दिया।

अस्पताल में भर्ती, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही मोहाना पुलिस मौके पर पहुंची और लहुलुहान हालत में सिपाही को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) बर्डपुर ले जाया गया। सिपाही की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है।

मोहाना थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि, “ड्यूटी के बाद थाने लौटते समय ग्रामीणों के साथ झड़प हुई थी। इस मामले में तत्परता दिखाते हुए तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की गहन जांच की जा रही है।

काल्पनिक इमेज