सिद्धार्थनगर: इटवा में बिना डिग्री चल रहा क्लीनिक सील, अधीक्षक की छापेमारी से हड़कंप

Kapilvastupost
इटवा (सिद्धार्थनगर): अवैध रूप से संचालित अस्पतालों और क्लीनिकों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने सख्त रुख अपना लिया है। शनिवार, 28 फरवरी 2026 को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) इटवा के अधीक्षक डॉ. संदीप कुमार द्विवेदी ने अपनी टीम के साथ आनंदनगर स्थित ‘जनता प्राथमिक स्वास्थ्य उपचार एवं मेडिकल स्टोर’ पर औचक छापेमारी की। जांच के दौरान कोई भी वैध दस्तावेज न मिलने पर क्लीनिक को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया।
शिकायत पर हुई औचक कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, हीर खास रोड आनंदनगर में स्थित इस क्लीनिक के खिलाफ विभाग को लगातार शिकायतें मिल रही थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए अधीक्षक डॉ. संदीप कुमार द्विवेदी, बीसीपीएल शिव शंकर वरुण और एआरओ ओम प्रकाश त्रिपाठी के साथ मौके पर पहुंचे।
न डॉक्टर की डिग्री, न मेडिकल स्टोर का लाइसेंस
निरीक्षण के दौरान क्लीनिक पर डॉ. गोविंद मौजूद मिले। जब टीम ने उनसे प्रैक्टिस से जुड़ी मेडिकल डिग्री और मेडिकल स्टोर के संचालन का लाइसेंस मांगा, तो वह एक भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। बिना योग्यता के मरीजों का इलाज करना और दवाएं बेचना नियमों का गंभीर उल्लंघन पाया गया।
उच्चाधिकारियों को भेजी गई रिपोर्ट
मीडिया से बात करते हुए अधीक्षक डॉ. संदीप कुमार द्विवेदी ने बताया शिकायत के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। मौके पर डॉक्टर के पास न तो कोई डिग्री मिली और न ही मेडिकल स्टोर का लाइसेंस। इसके फलस्वरूप क्लीनिक को बंद करा दिया गया है और विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को अग्रिम कार्रवाई हेतु भेज दी गई है।”
इस कार्रवाई से क्षेत्र के अन्य झोलाछाप डॉक्टरों और अवैध क्लीनिक संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है।