📅 Published on: July 25, 2026
गुरु जी की कलम से
*शोहरतगढ़ (सिद्धार्थनगर)।* चिल्हिया थाना क्षेत्र के गौहनिया गांव के पास शुक्रवार को एक हृदयविदारक हादसा हो गया। रेलवे ट्रैक पार करते समय साइकिल फंस जाने के कारण 34 वर्षीय युवक ट्रेन की चपेट में आ गया। इस हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के मड़वा गांव निवासी लालबाबू चतुर्वेदी (34) पुत्र बलराम चतुर्वेदी घर से साइकिल लेकर अपने रिश्तेदार के घर संतोरा (थाना चिल्हिया) जा रहा था। जैसे ही वह गौहनिया गांव के पास पहुंचा, रेलवे पटरी पार करते समय उसकी साइकिल ट्रैक पर ही फंस गई। इसी दौरान सामने से आ रही ट्रेन की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई।
वृद्ध पिता के सिर पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक लालबाबू अविवाहित था और अपने परिवार का इकलौता चिराग था। उसकी मां का निधन कुछ वर्ष पहले ही हो चुका था। घर में केवल वृद्ध पिता बलराम चतुर्वेदी ही बचे थे, जिनके लिए लालबाबू ही एकमात्र सहारा था। हादसे के बाद से वृद्ध पिता की हालत बेसुध जैसी बनी हुई है। ग्रामीणों का जमावड़ा लगा हुआ है जो पिता को सांत्वना देने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन उनका रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलते ही चिल्हिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी चिल्हिया राजेश कुमार गुप्ता ने बताया कि मृतक की पहचान मड़वा निवासी लालबाबू के रूप में कर ली गई है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।