📅 Published on: July 26, 2026
Kapilvastupost
**पथरा बाजार (सिद्धार्थनगर):** सोशल मीडिया के दौर में रिश्तों के कई अजीबोगरीब पहलू सामने आ रहे हैं। ताजा मामला सिद्धार्थनगर जिले के पथरा बाजार थाना क्षेत्र का है, जहां इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती के बाद 20 वर्षीय एक युवती अपनी महिला मित्र के साथ रहने और शादी करने की जिद पर अड़ गई। परिजनों को बिना बताए घर से निकली युवती को जब पुलिस ने मऊ से बरामद किया, तब भी वह अपनी सहेली के साथ ही रहने की बात दोहराती रही। हालांकि, पुलिस और परिजनों की लंबी काउंसलिंग के बाद वह वापस अपने घर लौटने को राजी हुई।
दो महीने पहले इंस्टाग्राम पर हुई थी मुलाकात
जानकारी के मुताबिक, पथरा क्षेत्र के एक गांव की 20 वर्षीय युवती की करीब दो माह पहले इंस्टाग्राम के माध्यम से मऊ जिले की 22 वर्षीय युवती से जान-पहचान हुई थी। धीरे-धीरे दोनों की बातचीत बढ़ी और गहरी दोस्ती में बदल गई। इसके बाद दोनों ने साथ रहने और शादी करने का फैसला किया। योजना के अनुसार, 23 जुलाई को युवती बिना किसी को बताए चुपचाप अपने घर से मऊ स्थित अपनी सहेली के घर चली गई।
मोबाइल लोकेशन ट्रेस कर पुलिस ने मऊ से किया बरामद
युवती के अचानक गायब होने के बाद परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। परिजनों ने उसी दिन पथरा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए युवती के मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर लगाया। लोकेशन ट्रेस करते हुए पुलिस की टीम मऊ पहुंची और युवती को उसकी इंस्टाग्राम फ्रेंड के घर से बरामद कर शुक्रवार देर रात पथरा थाने ले आई।
थाने में मचा ड्रामा, समझाइश के बाद शांत हुआ मामला
शनिवार सुबह जब परिजन युवती को लेने थाने पहुंचे, तो उसने परिजनों के साथ जाने से साफ इनकार कर दिया। वह अपनी महिला मित्र के साथ ही रहने और शादी करने की बात पर अड़ी रही। इसके बाद थानाध्यक्ष और परिजनों ने मिलकर उसे समझाया और स्थिति की गंभीरता से अवगत कराया। काफी देर तक चली बातचीत और काउंसलिंग के बाद युवती परिजनों के साथ घर जाने के लिए तैयार हो गई।
थानाध्यक्ष का बयान:
पथरा थानाध्यक्ष ओमप्रकाश मिश्र ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर गुमशुदगी दर्ज की गई थी। युवती को मऊ से सकुशल बरामद कर परिजनों को बुलाकर काउंसलिंग कराई गई और इसके बाद उसे परिवार के सुपुर्द कर दिया गया।