तीवर गांव में चोरों का तांडव: दो घरों के ताले तोड़ लाखों के जेवर व नकदी पार, क्षेत्र में फैली सनसनी

Kapilvastupost

चेतिया (सिद्धार्थनगर): मिश्रौलिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत चेतिया पुलिस चौकी के तीवर गांव में बुधवार रात बेखौफ चोरों ने दो अलग-अलग घरों को निशाना बनाकर लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। एक ही रात में हुई दो बड़ी चोरियों से पूरे गांव में हड़कंप मच गया है और ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

शातिराना अंदाज में वारदात को दिया अंजाम

चोरों ने गांव निवासी मकसूदन शुक्ला और मानिकचंद साहनी के घरों को अपना शिकार बनाया:

मकसूदन शुक्ला का घर: चोर घर के पिछले हिस्से में लगी खिड़की का ताला तोड़कर सीधे उस कमरे में दाखिल हुए, जहां की अलमारी में जेवर और नकदी रखी थी। चोरों ने अलमारी का लॉकर तोड़कर पूरा माल पार कर दिया और उसी रास्ते फरार हो गए।

मानिकचंद साहनी का घर: चोर घर के पीछे से छत के रास्ते अंदर घुसे। वे जेवरातों से भरा एक बक्सा उठाकर बाहर ले गए। घर के पीछे स्थित खेत में बक्से को तोड़कर उसमें रखे गहने व पैसे निकाल लिए और बाकी का सामान वहीं छोड़कर चंपत हो गए।

खेत में मिला बक्सा, जांच में जुटी पुलिस

गुरुवार सुबह जब परिजनों को घटना की जानकारी हुई, तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही मिश्रौलिया थाना प्रभारी और चेतिया चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया।थानाध्यक्ष मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस ने साक्ष्य जुटा लिए हैं और मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जल्द ही घटना का पर्दाफाश कर चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।