सिद्धार्थनगर: थाने में युवक को जमीन पर पटका, सीने पर पैर रखा; SP ने दरोगा को किया निलंबित
📅 Published on: August 7, 2026
Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर। त्रिलोकपुर थाना परिसर में जमीनी विवाद के सिलसिले में आए एक युवक के साथ अमानवीय व्यवहार और मारपीट करने के गंभीर आरोप में उपनिरीक्षक (SI) विशेश्वर प्रसाद को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। पुलिस अधीक्षक (SP) ने मामले का संज्ञान लेते हुए यह कार्रवाई की है और विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।
क्या है पूरा मामला?
त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के बेंव मुस्तहकम गांव में दो पक्षों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। मामले के निपटारे के लिए थाना प्रभारी की मौजूदगी में दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया था। वार्ता के दौरान ही माहौल बिगड़ गया।
पीड़ित गुलशन कश्यप का आरोप है कि दूसरे पक्ष के राममूरत मौर्य की उपनिरीक्षक विशेश्वर प्रसाद से अलग से बातचीत हुई। इसके तुरंत बाद दरोगा ने उसे अलग बुलाया और बिना किसी कारण उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
पीड़ित का गंभीर आरोप: “उपनिरीक्षक ने मेरे बाल पकड़कर मुझे जमीन पर पटक दिया और सीने पर पैर रखकर दबाया।”


