शोहरतगढ़: सहखातेदारों ने खेत से मिट्टी खनन कर बेची, पीड़ित ने की कार्रवाई की मांग

रमेश यादव तुलसियापुर सिद्धार्थनगर।
तहसील शोहरतगढ़ के ग्राम देवरूआ निवासी अब्दुल जब्बार ने उपजिलाधिकारी शोहरतगढ़ को एक शिकायती पत्र सौंपकर आरोप लगाया है कि सहवांटेदारों द्वारा उनकी कृषि भूमि से जबरन मिट्टी खनन कर उसे ठेकेदार को बेच दिया गया है।

पीड़ित का कहना है कि उक्त भूमि, ग्राम मनिकौरा तप्पा देबरुआ के गाटा संख्या 330, रकबा 0.7820 हेक्टेयर में 1/3 सहवांटेदारी भूमि है। इसमें अब्दुल लतीफ, मोहम्मद नफीस पुत्रगण अब्दुल रब्ब,नईम पुत्र इब्राहिम, आदि अन्य सहवांटेदार हैं।

आरोप है कि इन सहवांटेदारों ने बिना सहमति के अब्दुल जब्बार के हिस्से से मिट्टी खनन कर उसे एक ठेकेदार राममूरत यादव को 1000 रुपये प्रति ट्रॉली में बेच दिया। इससे भूमि की उर्वरता नष्ट हो गई है और अब उसमें खेती करना संभव नहीं है।

पीड़ित ने इस पूरे मामले को गंभीर बताते हुए दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि बिना सहमति और कानूनी प्रक्रिया के खेत से मिट्टी निकालना पूरी तरह अवैध है।

उन्होंने उपजिलाधिकारी से मांग की है कि इस मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध उचित कानूनी कार्यवाही की जाए।