बच्चों की इस जन्मजात विकृति कटे होंठ और तालू वाले बच्चों को चिन्हित करने के लिए 21अगस्त से 26 अगस्त जिलेभर में लगेगा कैंप

nizam ansari 

जिले के कटे होंठ और तालू वाले बच्चे खिलखिलाकर मुस्कुरा सकेंगे | बच्चों की इस जन्मजात विकृति को दूर करने के लिए राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम एवं हेल्थ सिटी हॉस्पिटल की ओर से जिले में निःशुल्क पंजीकरण शिविर का आयोजन किया जाएगा | यह जानकारी सोमवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ बी के अग्रवाल ने दी |

उन्होंने बताया कि शिविर का आयोजन जिले पर ही नहीं बल्कि ब्लॉकों में भी किया जाएगा | इटवा, डुमरियागंज, खुनियांव, भनवापुर ब्लॉक के मरीजों का पंजीकरण दिनांक 21 अगस्त को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र इटवा में किया जाएगा |

बांसी, मिठवल, खेशरहा, जोगिया के मरीजों का पंजीकरण 22 अगस्त को हेल्थ वेलनेस सेंटर सूपाराजा ब्लॉक बांसी में किया जाएगा । बर्डपुर, बढ़नी, शोहरतगढ़ के मरीजों का पंजीकरण 23 अगस्त को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बर्डपुर में किया जायेगा।

नौगढ़, उसका बाजार, लोटन के मरीजों का पंजीकरण 24 अगस्त को मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय सिद्धार्थनगर में किया जायेगा।

इसके अलावा समस्त ब्लॉक तथा शहरी क्षेत्र के छूटे हुए बच्चों का पंजीकरण 25 एवं 26 अगस्त को मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय सिद्धार्थनगर में किया जायेगा |

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि कैम्प के दौरान पंजीकृत बच्चों का निःशुल्क ऑपरेशन एवं सम्पूर्ण इलाज लखनऊ के हेल्थ सिटी ट्रामा सेंटर एवं सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के प्लास्टिक माइक्रोवस्कुलर कॉस्मेटिक एवं क्रेनियोफेशियल सर्जरी विभाग में किया जाएगा।

उन्होने बताया कि कई बच्चों के होंठ व तालू जन्म से कटे होते हैं। होंठ के दोनों तरफ या एक ही तरफ संभव है। सामान्यतः होठ के साथ तालू भी कटा होता है किन्तु कभी-कभी केवल तालू के कटे होने की भी सम्भावना होती है। इसका समय से पहचान और उपचार होने से इस बड़ी समस्या से पूरी तरह निजात मिल सकती है।

यह बीमारी करीब 3000 जीवित शिशुओं में से एक को हो सकती है। स्माइल ट्रेन प्रोजेक्ट के निदेशक डा. वैभव खन्ना हेल्थ सिटी ट्रामा सेंटर एवं सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल की सक्रिय भूमिका है। यह संस्था प्लास्टिक सर्जरी के द्वारा बच्चों के चेहरे पर मुस्कान लाने के लिए निरन्तर प्रयासरत है।

इसमें हर आयु वर्ग के लोगों का इलाज पूर्णतया नि:शुल्क किया जाता है। इस प्रोजेक्ट के तहत डा. वैभव खन्ना के द्वारा अबतक 13,000 से अधिक मरीजों का निःशुल्क ऑपरेशन किया जा चुका है। जन्मजात बीमारी होने के कारण माता-पिता शुरुआती दौर में नही समझ पाते। बीमारी का समय से उचित चिकित्सीय इलाज न मिलने पर सही होना मुश्किल हो जाता है।यह बात महत्पूर्ण है कि बच्चों का समय से इलाज कराने पर जन्मजात विकृति पूर्णतया ठीक हो सकती है |

अपर मुख्य चिकित्साधिकारी एवं नोडल अधिकारी डॉ वी एन चतुर्वेदी ने बताया कि अगर पैदायशी कटे होंठ व कटे तालू वाले मरीज़ो का सही समय पर आपरेशन हो जाये तो बच्चे के चेहरे पर जीवन भर मुस्कान रहती है।

उन्होने कहा कि सर्जरी तो बाद में भी हो सकती है लेकिन परिणाम बहुत अच्छा नहीं होता है। हेल्थ सिटी ट्रामा सेंटर एवं सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में संचालित स्माइल ट्रेन प्रोजेक्ट का यही वास्तविक उद्देश्य है।

सीएमओ ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि ऐसे बच्चे यदि आपके घर में या आसपास हैं, तो उनका पंजीकरण अवश्य कराएं और बच्चों को उनके चेहरे पर मुस्कान देने में विभाग का सहयोग करें |

अधिक जानकारी के लिए डीईआईसी मैनेजर अनंत प्रकाश एवं स्माइल ट्रेन संस्था के प्रतिनिधि नीरज कुमार शर्मा के मोबाइल नंबर 9454159999 या 9565437056 पर संपर्क स्थापित किया जा सकता है |